लुधियाना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। लुधियाना में ताजपुर रोड स्थित सेंट्रल जेल में कैदियों में मामूली बहस के बाद अचानक हिंसक झडप हो गई। इसी दौरान जब जेल स्टाफ ने स्थिति संभालने की कोशिश की, तो कैदियों के समूह ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। इस दौरान एक कैदी ने जेल सुपरिंटेंडेंट के सिर पर ईंट मार दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। जिन्हे इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया गया है।
कैदियों ने इस कदर उत्पात मचा दिया कि देखते ही देखते काफी हालात बिगड़ गए और जेल प्रशासन को स्थिति को कंट्रोल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। सूत्रों के मुताबिक एक बैरेक के करीब 200 से 250 कैदियों ने पुलिसवालों पर हमला किया है। फिलहाल पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी जेल परिसर में मौजूद हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है। जेल मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने जेल अधिकारियों से पूरी स्थिति की रिपोर्ट तलब की है।


