मीडिया सवेरा (न्यूज़ डेस्क): अमृतसर रूरल पुलिस ने खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।आरोपी की पहचान पंडोरी गांव के मलकीत सिंह के रूप में हुई है। जिसके पास से हैंड ग्रेनेड, एक .30 बोर पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि मलकीत सिंह के सीधे संबंध यूके स्थित गैंगस्टर धर्मा संधू से हैं। धर्मा संधू को हरविंदर रिंदा का नजदीकी सहयोगी माना जाता है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मलकीत सिंह को हथियार किस चैनल से उपलब्ध कराए गए और इसका इस्तेमाल किन घटनाओं के लिए किया जाना था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर तेजी से की जा रही है। मलकीत सिंह से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने इस घटना के बाद एफआईआर दर्ज कर ली है।


