Mastermind arrested in grenade attack on BJP leader Manoranjan Kalia’s house
जालंधर: पंजाब पुलिस को पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त ऑपरेशन में मुख्य आरोपी सैय्यद अमीन, निवासी अमरोहा (उत्तर प्रदेश) को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने जालंधर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह इस केस में तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले 12 घंटे के भीतर जालंधर के सतीश उर्फ काका और हैरी को गिरफ्तार किया गया था।
डीजीपी ने खुलासा किया कि इस हमले के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और अपराधी जीशान अख्तर, शैजाद भट्टी तथा लॉरेंस बिश्नोई का हाथ है। उन्होंने कहा कि ISI पंजाब की शांति भंग करने की साजिशें रच रही है, लेकिन पंजाब पुलिस हर बार उनके मंसूबों को नाकाम कर रही है।
जांच में हमलावरों को आर्थिक मदद मिलने के सबूत भी मिले हैं। हरियाणा के आरोपी अभिजोत की भूमिका सामने आई है, जिसे हरियाणा पुलिस ने कुरुक्षेत्र में गोलीबारी के बाद गिरफ्तार किया था। जल्द ही उसे आगे की पूछताछ के लिए जालंधर लाया जाएगा।