पंजाब के लुधियाना से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। हाइवे पर लाडोवाल टोल प्लाजा के पास पुलिस और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो गई। आतंकियों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने उनके कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, चार पिस्तौल और 50 से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये आतंकवादी किसी बड़े हमले की योजना बना रहे थे, जो अब नाकाम हो गई।जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले पुलिस ने कुछ आतंकियों को गिरफ्तार किया था और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने ट्रैप लगाया था।
आतंकी बाइक पर बस्ती जोधेवाल की तरफ से आ रहे थे। पुलिस ने इन्हे रोकने की कोशिश की तो इन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। DCP (इन्वेस्टिगेशन) व उनकी टीम की गाड़ी पर इन्होंने 4 फायर किए। इसके अलावा भी ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं जिसके बाद पुलिस ने उन पर 4 गोलियां चलाईं। इनमें से 3 गोली एक और 1 गोली दूसरे आतंकी को लगी। जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।


