मोहाली के सोहाना में सोमवार को चल रहे कबड्डी मैच के दौरान अचानक फायरिंग हो गई। बोलेरो सवार हमलावरों ने गोलियां चलाईं, जिसमें टूर्नामेंट को प्रमोट कर रहे राणा बलाचौरिया के सिर में गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावर सेल्फी लेने के बहाने खिलाड़ियों के पास पहुंचे और इसी दौरान फायरिंग कर दी। घटना सेक्टर-82 के मैदान में हुई, जहां गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और वेदवान स्पोर्ट्स क्लब सोहाना की ओर से कबड्डी कप करवाया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 6 राउंड फायरिंग हुई।
शुरुआत में लोगों को पटाखों की आवाज लगी, लेकिन बाद में अफरा-तफरी मच गई। इस मैच में पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख के आने की भी सूचना थी, लेकिन उनके पहुंचने से करीब आधा घंटा पहले ही हमला हो गया।


