मीडिया सवेरा (न्यूज़ डेस्क): जालंधर में बाढ़ का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार रोपड़ डैम के गेट खोल दिए गए हैं, जिसके चलते अगले 12 घंटे जालंधर सहित आसपास के इलाकों के लिए बेहद खतरनाक बताए जा रहे हैं।
डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने इस संबंध में जनता के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने बताया कि रोपड़ डैम (रोपड़ हेडवर्क्स) के फ्लड गेट से एक लाख से ज्यादा क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसका सीधा असर जालंधर के कई गांवों और शहर के निचले इलाकों पर पड़ सकता है।
डीसी ने अपील की है कि लोग पूरी तरह सतर्क रहें और जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों की ओर निकल जाएं और अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने टीमें अलर्ट पर रखी हैं और बचाव कार्यों के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा चुके हैं।


