जालंधर के धोगड़ी रोड पर स्थित MAC CHOICE TOOL फैक्ट्री में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में भारी चाबियों से लदे बड़े कैंटर खड़े थे, जो अचानक पलटकर वहां काम कर रहे लोगों पर गिर गए।
सूचना मिलते ही आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फैक्ट्री स्टाफ ने मीडिया से बात करने से इनकार किया है। मामले पर एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि फैक्ट्री में काम के दौरान यह हादसा हुआ है, जिसमें तीन लोगों की जान गई है। पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


