मीडिया सवेरा (न्यूज़ डेस्क): पंजाब के बठिंडा में बेटी के प्रेम विवाह को लेकर गुस्से में आए पिता और भाई ने अपनी ही बेटी और दो साल की नातिन की हत्या कर दी। मृतका की पहचान जसमनदीप कौर और बच्ची एकमनूर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पिता राजवीर सिंह नंबरदार है।
मृतका ने 4 साल पहले गांव के ही युवक रवि शर्मा से लव मैरिज करवाई थी। जिससे की उसका परिवार नाराज था। शादी के बाद महिला पति के साथ गांव में ही रहने लगी और उनकी एक बच्ची हुई, जो अभी महज दो साल की थी।
महिला अपनी बच्ची के साथ दवा लेने गांव के बस अड्डे के पास पहुंची, वहां उसके पिता और भाई ने धारदार हथियार से हमला कर युवती और उसकी मासूम बेटी की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता और भाई मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।


