मीडिया सवेरा (न्यूज़ डेस्क): सीमा पार से हथियार तस्करी के खिलाफ अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने एक आरोपी को 5 ग्लॉक पिस्टल, 4 मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया है। माना जा रहा है कि हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था। आरोपी की पहचान गुरु की वडाली छेहर्टा निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी अमित सिंह अपने साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ गिन्नी के साथ मिलकर पाकिस्तान स्थित हथियार तस्करों के संपर्क में था। यह गिरोह सीमा पार से पंजाब तक हथियारों की खेप भेज रहा था। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क का मकसद प्रदेश में गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों को हथियार उपलब्ध कराकर अमन-शांति को भंग करना था।
पुलिस की विशेष टीमें आरोपी के साथी गुरप्रीत सिंह उर्फ़ गिन्नी समेत अन्य फरार सहयोगियों की तलाश कर रही हैं।


