Woman fell in love with a man while playing Free Fire: पंजाब के होशियारपुर में फ्री-फायर गेम खेलते- खेलते एक महिला को युवक से प्यार हो गया। उसी युवक के प्यार में महिला अपने पति और बच्चों को छोड़ घर से भाग गई। उक्त महिला के पति अश्विनी कुमार वासी होशियारपुर कस्बा मुकेरियां ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी फ्री फायर खेलती थी, इस दौरान वह किसी व्यक्ति से रिलेशन में आ गई और फिर वह घर से चली गई। जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। महिला 2 बच्चों की मां है।
पीड़ित पति ने बताया कि संगरूर के मूनका गांव की रहने वाली अनीता कौशिक के साथ उसकी शादी साल 2011 में हुई थी। शादी के बाद सब कुछ एकदम ठीक चल रहा था। उनके 2 बच्चे हैं। साल 2020 में मोबाइल में अनीता ने फ्री फायर गेम डाउनलोड की और उसे लगातार खेलना शुरू कर दिया। अनिता को गेम खेलने की आदत हो गई।
इसी दौरान उसकी दोस्ती एक लड़के से हो गई। दोनों कब रिलेशन में आए, पता नहीं चला। उसी ने अनीता को अपने झांसे में ले लिया। वह कई बार इसे लेकर कई थानों और SSP ऑफिस में शिकायतें दर्ज करवा चुका है, मगर कुछ हाथ नहीं लगा। एक साल बीत जाने के बाद भी अभी तक न तो पुलिस महिला का कुछ पता लगा पाई और न ही परिवार को महिला के बारे में पता चला।