मीडिया सवेरा न्यूज़ : पंजाब-हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के चलते लगाई गई बैरिकेडिंग को हटाया जा रहा है। हरियाणा पुलिस गुरुवार सुबह से इस प्रक्रिया में जुटी है, जिससे दिल्ली-जम्मू-अमृतसर हाईवे 13 महीने बाद ट्रैफिक के लिए खुल सकेगा।
इस बीच, हिरासत में लिए गए किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल को जालंधर कैंट स्थित PWD रेस्ट हाउस में रखा गया है। पहले उन्हें PIMS अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन किसानों के एकत्र होने की आशंका के चलते गुरुवार सुबह उन्हें वहां से शिफ्ट कर दिया गया।
इधर, कांग्रेस के लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर रंधावा और गुरजीत औजला ने किसानों को जबरन हटाने के विरोध में संसद के बाहर प्रदर्शन किया।
बता दें कि 19 मार्च को केंद्र सरकार के साथ 7वें दौर की वार्ता के बाद लौटते समय किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण सिंह पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
इसके बाद पंजाब पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से आंदोलनकारी किसानों को हटा दिया और विरोध कर रहे करीब 200 किसानों को हिरासत में लिया। पुलिस ने बुलडोजर से किसानों के बनाए शेड भी गिरा दिए।


