जालंधर: निगम चुनावों के नतीजों के बाद से ही आम आदमी पार्टी लगातार विरोधी पार्टियों के पार्षदों को आप में शामिल करवा रही है। चुनावों में पार्टी ने अच्छी परफॉर्मेंस दिखाई और 38 सीटें प्राप्त की। लेकिन जालंधर में अपना मेयर बनाने के लिए पार्टी बहुमत का आंकड़ा पूरा न कर पाई। जिसके बाद पार्टी के बड़े मंत्रियों ने कुछ विरोधी पार्टी और आजाद पार्षदों से संपर्क साधना शुरू किया और 2 कांग्रेस 1 भाजपा और 2 आजाद जीते हुए पार्षदों को आप ज्वॉइन करवाने में कामयाब रहे ।
जिसमे कांग्रेस से जीती वार्ड 65 की पार्षद प्रवीण वासन, कांग्रेस: वार्ड 47 से मनमीत कौर, भाजपा वार्ड 63 से सुलेखा भगत, आजाद वार्ड: 46 से तरसेम लखोत्रा, आजाद: वार्ड 81 से सीमा रानी शामिल है। इसी क्रम में भाजपा को एक और बड़ा झटका देते हुए पार्टी ने आज वेस्ट के वार्ड नं 41 से जीती भाजपा उम्मीदवार शबनम दुग्गल तथा उनके पति आयुब दुग्गल को भी आप में शामिल कर लिया। अब आप के पक्ष में कुल 44 पार्षद हो गए हैं। जिससे की पार्टी का जालंधर में अपना मेयर बनाने का रास्ता है बिल्कुल साफ़ हो गया है। सूत्रों के मुताबिक विरोधी पार्टियों के कई पार्षद अभी भी पार्टी नेताओं के टच में है। जिनके जल्दी ही आप में शामिल होने की खबर सामने आ सकती है।