मीडिया सवेरा (न्यूज़ डेस्क): पंजाब के कांग्रेस सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे उदयवीर रंधावा को जान से मारने की धमकी मिली है। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने दावा किया है कि धमकी कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने दी है।
रंधावा ने इसे लेकर गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके बेटे से मिलने के एक घंटे बाद ही उस पर फायरिंग हुई और गैंगस्टर ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
सुखजिंदर रंधावा ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पंजाब को गैंगस्टरों का अड्डा बना दिया है। रंधावा ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और ऐसी घटनाएं आम जनता में भय का माहौल पैदा कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को फतेहगढ़ चूरियां कस्बे के एक परमिंदर सिंह के पगड़ी सेंटर पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोलियां चलाई थीं। ये घटना गुरुवार सुबह 11 बजे हुई थी। उक्त घटना से एक घंटा पहले तक रंधावा के बेटे वहीं पर मौजूद थे।